भाजपा विधायक समेत कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर किया अभिनंदन, जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा; अलीगंज होते हुए फर्रुखाबाद रवाना हुई यात्रा

एटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के साथ सेवा संकल्प कलश यात्रा भी निकाली जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को सेवा संकल्प कलश यात्रा थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के पहरा पुल पहुंची। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत करते हुए उत्साह के साथ अभिनंदन किया।

यात्रा के पहरा पुल पहुंचते ही भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अर्जुन सिंह राठौर, सुजीत गुप्ता बॉबी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्वागत के लिए पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद जेसीबी के माध्यम से यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। पुष्पवर्षा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और उन्होंने भारत माता तथा सेवा संकल्प अभियान से जुड़े नारे लगाए।

अलीगंज होते हुए फर्रुखाबाद रवाना हुई यात्रा

पहरा पुल पर स्वागत कार्यक्रम के बाद सेवा संकल्प कलश यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। यात्रा अलीगंज होते हुए अमरोली रतनपुर पहुंची और इसके बाद जनपद फर्रुखाबाद की ओर रवाना हो गई। यात्रा के साथ मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों का काफिला भी चल रहा था। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा के स्वागत किए जाने की जानकारी दी गई।

बड़नगर से बनारस तक ले जाया जा रहा कलश

कार्यक्रम की संयोजक हिमांशी दीक्षित ने बताया कि यात्रा में करीब 35 मोटरसाइकिलों के साथ अन्य वाहन शामिल हैं। सेवा संकल्प कलश यात्रा को गुजरात के बड़नगर से बनारस तक ले जाया जा रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सेवा, जनभागीदारी और अभियान से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान से लोगों को जोड़ना है। अभियान के माध्यम से सेवा गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा अभियान

भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान सेवा गतिविधियों, जनभागीदारी और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में निकाली जा रही कलश यात्रा के माध्यम से भी लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा पुलिस बल

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। सीओ अलीगंज राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद रहा और यात्रा के आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर, गौरव राठौर, आशुतोष तिवारी, अखिलेश राठौर, बहाल मियां, देवराज चौहान, रामानंद मिश्र समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।