
नए गैस सिलेंडर से चूल्हा जलाते ही लगी आग, ग्रामीणों ने गीली मिट्टी और पानी से बुझाने का किया प्रयास; दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के नावर गांव में शुक्रवार सुबह नया गैस सिलेंडर लगाने के बाद चूल्हा जलाते ही अचानक आग भड़क उठी। सिलेंडर से आग की लपटें उठती देख घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
नावर गांव निवासी तत्वीर पुत्र सुखवासी, उम्र करीब 35 वर्ष ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर में लगा गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। इसके बाद नया सिलेंडर लगाया गया। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया। चूल्हा जलाते ही अचानक सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।
जलते सिलेंडर को घर से बाहर निकाला
आग लगने के बाद परिजनों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी कोशिश के बावजूद आग नहीं बुझी तो ग्रामीणों की मदद से जलते हुए सिलेंडर को किसी तरह घर से बाहर निकाला गया। इसके बाद आग बुझाने के लिए रजाई में पानी भरकर उसे सिलेंडर के ऊपर लपेटा गया, लेकिन आग की लपटें जारी रहीं।
ग्रामीणों ने इसके बाद गीली मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। तसलों के माध्यम से लगातार सिलेंडर के ऊपर गीली मिट्टी डाली जाती रही, लेकिन मिट्टी के ऊपर से भी आग की लपटें निकलती रहीं। इस दौरान ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
सूचना पर पहुंची दमकल टीम
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अलीगंज अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने काफी प्रयास के बाद सिलेंडर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अलीगंज अग्निशमन विभाग के प्रदीप कुंजर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर भेजी गई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आग को बुझा दिया।
समय रहते टला बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक ग्रामीण भी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। समय रहते जलते सिलेंडर को घर से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद दमकल टीम के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
हादसे में किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। घर में भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Leave a Reply