
सकीट (एटा)। कस्बा स्थित साधन सहकारी समिति पर किसानों को सरकारी दर पर यूरिया खाद का वितरण शुरू कर दिया गया है। खाद केवल उन्हीं किसानों को दी जा रही है, जिनके पास फार्मर आईडी तथा सोसायटी की सदस्यता है।
समिति पर किसानों ने अपनी फार्मर आईडी और सदस्यता का सत्यापन कराने के बाद यूरिया खाद खरीदी। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार फार्मर आईडी में दर्ज प्रत्येक एकड़ भूमि पर दो बोरी यूरिया खाद का वितरण किया जा रहा है।
इस बार समिति पर खाद वितरण के दौरान पहले जैसी मारामारी देखने को नहीं मिली। किसानों ने बताया कि फार्मर आईडी के माध्यम से वितरण होने से भीड़ कम हो गई है और खाद लेने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो गई है। हालांकि कुछ किसानों का कहना है कि आवश्यकता की तुलना में कम मात्रा में खाद मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोसायटी सचिव विनोद कुमार तोमर ने बताया कि समिति को कुल 1,000 बोरी यूरिया खाद प्राप्त हुई थी, जिनमें से अब तक 400 बोरी का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को फार्मर आईडी और सोसायटी सदस्यता के आधार पर नियमानुसार प्रति एकड़ दो बोरी खाद दी जा रही है तथा वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं है।

Leave a Reply