शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों को मिला सम्मान

एटा। शिक्षक दिवस के अवसर पर अलीगंज ब्लॉक संसाधन केंद्र में शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, समर्पण, प्रेरणादायक कार्यशैली तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगंज ब्लॉक संसाधन केंद्र के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य अतिथि अलीगंज विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह राठौर एवं सत्य प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती और देश के दूसरे राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।

शिक्षक दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय बनी के सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्रा, उच्च प्राथमिक विद्यालय राजा का रामपुर पूर्वी के प्रधानाध्यापक शशिकांत, प्राथमिक विद्यालय यशोदा की सहायक अध्यापिका रश्मि शाक्य, पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय राजा का रामपुर के सहायक अध्यापक अवनेंद्र सिंह राठौर, उच्च प्राथमिक विद्यालय दाऊद गंज के प्रधानाध्यापक सुखपाल सिंह तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक शेर सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका समर्पण और मार्गदर्शन विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में मदद करता है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक शिव गौरव दीक्षित ने किया। इस दौरान शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और उनके शिक्षा के प्रति योगदान को याद किया।

1962 से मनाया जा रहा शिक्षक दिवस

कार्यक्रम में बताया गया कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा वर्ष 1962 में शुरू हुई थी। जब कुछ लोगों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा व्यक्त की, तो उन्होंने अपने जन्मदिवस को व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय इसे देशभर में शिक्षकों के सम्मान के लिए शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का सुझाव दिया। इसके बाद प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाने लगा।