साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास, फैमिली आईडी, पेंशन और प्रमाण पत्रों की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
एटा। विकास खंड अलीगंज सभागार में गुरुवार को खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए पंचायत सचिवों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसमें पंचायत सचिवों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी सचिव अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें, पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और पात्र लाभार्थियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। फैमिली आईडी के संबंध में सभी परिवारों का शत-प्रतिशत सत्यापन एवं पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।
इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निर्गमन, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बीडीओ ने कहा कि सभी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र लोगों को प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा ग्राम स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने का भी आह्वान किया।
बैठक में एडीओ पंचायत राकेश कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर हरीश रंजन, ब्लॉक मिशन प्रबंधक धारणा चौहान, ब्लॉक मिशन प्रबंधक गंगाधर, प्रेम सिंह सहित विकास खंड अलीगंज के सभी पंचायत सचिव उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply