लाठी-डंडे और भाले लेकर पहुंचीं 50 से अधिक महिलाएं, सेल्समैन दुकान छोड़कर भागे; पुलिस ने समझाकर कराया शांत
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम लालपुर जहांगीराबाद में गुरुवार को शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश अचानक सड़क पर उतर आया। गांव की 50 से अधिक महिलाएं लाठी-डंडे और भाले लेकर देसी और कंपोजिट शराब की दुकानों पर पहुंच गईं। महिलाओं ने दुकानों में तोड़फोड़ करते हुए ताले तोड़ दिए और अंदर रखी शराब की बोतलें व पेटियां निकालकर सड़क पर फेंक दीं। अचानक हुए हंगामे से दुकानों पर मौजूद सेल्समैन में अफरातफरी मच गई और दोनों सेल्समैन मौके से जान बचाकर भाग निकले।
महिलाओं का आरोप था कि गांव में शराब की बिक्री बढ़ने से कई परिवारों की आर्थिक और घरेलू स्थिति खराब हो रही है। उनका कहना था कि परिवार के पुरुष शराब का सेवन कर घर लौटते हैं और इसका असर पूरे परिवार पर पड़ रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब पीने के बाद कई पति घर में विवाद और मारपीट करते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई, परिवार का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं।
लाठी-डंडे लेकर दुकानों पर पहुंचीं महिलाएं
देसी शराब की दुकान के सेल्समैन नरेंद्र कुमार के अनुसार, उन्होंने सुबह करीब 10 बजे दुकान खोली थी। कुछ देर बाद बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडे और भाले लेकर दुकान पर पहुंच गईं। महिलाओं को आक्रोशित देखकर उन्होंने दुकान में बाहर से ताला लगाया और वहां से निकल गए। इसके बाद महिलाओं ने दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी शराब की पेटियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते शराब की बोतलें सड़क पर फेंक दी गईं।
कंपोजिट दुकान में भी तोड़फोड़
कंपोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन विपिन कुमार ने बताया कि महिलाओं ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शराब की बोतलें व अन्य सामान बाहर निकालकर फेंक दिया। दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। हंगामा बढ़ता देखकर वह भी मौके से निकल गए।
घटना के दौरान गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं के एकत्र होने के कारण आसपास के लोगों की भी भीड़ जुट गई। महिलाओं ने शराब की दुकानों को गांव से हटाने की मांग करते हुए विरोध जताया।
पहले डायल-112, फिर पहुंची थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए थाना जैथरा पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाया और शांत कराया। काफी समझाने के बाद महिलाएं वहां से हट गईं। इसके बाद दोनों दुकानों के सेल्समैन भी वापस पहुंचे।
कैमरों में रिकॉर्ड हुई घटना
आबकारी प्रभारी कुलदीप कुमार चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शराब की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में महिलाओं द्वारा दुकान में हंगामा करने, शराब की बोतलें बाहर फेंकने और तोड़फोड़ करने की घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल महिलाओं को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply