
व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर हुआ मंथन, पुलिस-व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
एटा। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संबंधी मुद्दों को अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। व्यापारियों ने अपने सुझाव भी दिए और बाजारों में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
पुलिस-व्यापारियों के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर
एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों की सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए पुलिस और व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद जरूरी है।
उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से सामने आने वाली समस्याओं पर पुलिस स्तर से गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधिकारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply