डीएम ने ईवीएम वेयरहाउस और एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश

एटा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य बुधवार से शुरू होगा। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयरहाउस और एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार कराई जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट की जांच में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता बरती जाए तथा प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

एफएलसी हॉल में रहेंगी सभी जरूरी व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल में साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाए। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए।

सीसीटीवी और वेबकास्टिंग पर विशेष जोर

एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी के लिए वेबकास्टिंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि हॉल में कैमरों की स्थिति ऐसी होनी चाहिए, जिससे एफएलसी के दौरान होने वाली गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दें। वेबकास्टिंग की रिकॉर्डिंग को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने एफएलसी के दौरान प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों और ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की स्थिति का निर्धारित प्रारूप में रिकॉर्ड तैयार करने तथा आवश्यक ऑनलाइन अपडेट समय से करने को कहा।

डीएम ने अधिकारियों से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और एसओपी का भली-भांति अध्ययन कर उसका अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक मनोज शर्मा, रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।