
पहले भी दो बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है बाबा साहब की मूर्ति, तीसरी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश; एटा-अलीगंज मार्ग किनारे गांव के बाहर हुई घटना, पुलिस फोर्स तैनात
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ललहेट गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के बाहर एटा-अलीगंज मार्ग किनारे स्थापित बाबा साहब की मूर्ति का हाथ टूटा मिला। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बार-बार मूर्ति को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
गांव निवासी अशोक ने बताया कि ललहेट गांव के बाहर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित है। यह स्थान जैथरा कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों के अनुसार, मूर्ति को इससे पहले भी दो बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। अब तीसरी बार मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इस बार उसका हाथ तोड़ा गया है।
तीसरी बार घटना से ग्रामीणों में नाराजगी
मूर्ति को बार-बार क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर मूर्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मूर्ति स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
मौके पर पुलिस फोर्स तैनात
घटना की सूचना मिलने के बाद जैथरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति थोड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल कानून-व्यवस्था सामान्य है। मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply