
एटा। अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने बुधवार देर रात थाना जैथरा में अलीगंज सर्किल के समस्त थानों का अर्दली रूम किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों और विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अर्दली रूम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों, गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, ई-समन, निरोधात्मक कार्रवाई और यक्ष ऐप के माध्यम से किए जा रहे सत्यापन की भी जानकारी ली।
उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति केंद्र की गतिविधियों, माल निस्तारण, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की। वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी के मामलों में लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने, जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह सहित अलीगंज सर्किल के अन्य पुलिस अधिकारी और विवेचक मौजूद रहे।
Leave a Reply