बस में हुई कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, 28 वर्षीय युवक घायल; पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात रोडवेज बस में हुई कहासुनी बस से उतरते ही मारपीट में बदल गई। रश्मीलोक तिराहे के पास दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते सड़क पर जमकर लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई मारपीट से तिराहे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में 28 वर्षीय युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार थाना बागवाला क्षेत्र के गांव गढ़ी बैदुला निवासी अनोज पुत्र बिजेंद्र (28), जितेंद्र पुत्र रामरहीस (25) और शैलेंद्र पुत्र महाराज सिंह (18) आगरा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद तीनों रोडवेज बस से अपने घर लौट रहे थे।

बस में कहासुनी, तिराहे पर छिड़ गया विवाद

बताया गया है कि सफर के दौरान बस में किसी बात को लेकर युवकों की कुछ अज्ञात लोगों से कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया। रात करीब 8:30 बजे बस रश्मीलोक तिराहे के पास पहुंची और युवक नीचे उतरे। आरोप है कि बस में कहासुनी करने वाले लोग भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।

कुछ ही देर में कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अनोज के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सड़क पर मारपीट होते देख राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति शांत कराई। मारपीट में शामिल बताए जा रहे कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया। पुलिस उनसे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

घायल अनोज को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस बस के अंदर हुई कहासुनी से लेकर तिराहे पर हुए विवाद तक पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घायल ने लगाया मारपीट का आरोप

अनोज ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ आगरा से घर लौट रहा था। रास्ते में रोडवेज बस में कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। बस से उतरने के बाद उन्हीं लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसे चोटें आई हैं।

तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।