गाली-गलौज और डंडे लेकर खड़े लोगों का वीडियो सामने आया; पुलिस ने शांति भंग की आशंका में किया चालान
एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के गांव कुड़ा में रास्ते के इस्तेमाल और पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से पांच लोगों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा। मामले में पुलिस ने शांति भंग की आशंका में चालान की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, द्वितीय पक्ष से ब्रजेश पुत्र सिपाही राम (43), बबली पत्नी रामप्रवेश (35) और साधना पत्नी सर्वेश (34) निवासी गांव कुड़ा बताए गए हैं। वहीं प्रथम पक्ष से योगेश पुत्र महेश (21) और सुरेश पुत्र रनवीर (55) शामिल हैं।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते के इस्तेमाल और पानी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर मंगलवार को कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों के लोगों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा।
वीडियो में डंडे लेकर खड़े दिखे लोग
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग आपस में विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग हाथों में डंडे लिए खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो में गाली-गलौज की आवाज भी सुनाई दे रही है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
पांच लोगों का कराया गया मेडिकल
थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से पांच लोगों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। शांति भंग की आशंका को देखते हुए चालान की कार्रवाई की गई है। मामले में थानास्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply