कुजड़ियां में बंद मकान से बर्तन और 10 हजार रुपये चोरी, दूसरे घर व मंदिर में भी घुसे चोर; दो दिन पहले शिव मंदिर में हुई चोरी का भी खुलासा नहीं

एटा। राजा का रामपुर कस्बा में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार देर रात चोरों ने मोहल्ला कुजड़ियां में एक के बाद एक तीन स्थानों को निशाना बनाते हुए दो मकानों और एक मंदिर के ताले तोड़ दिए। एक बंद मकान से चार भगोने, तीन परातें, 10 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया गया, जबकि दूसरे मकान और मंदिर में चोरी का प्रयास सफल नहीं हो सका। मंगलवार सुबह ताले टूटे मिलने पर लोगों को घटनाओं की जानकारी हुई। एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी के प्रयास से स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी है।

बंद मकान से बर्तन और नकदी चोरी

मोहल्ला कुजड़ियां निवासी सत्य प्रकाश पुत्र सुनील ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पीले रंग के बक्से में रखा सामान चोरी कर लिया। सत्य प्रकाश हलवाई का काम करते हैं। उनके मुताबिक चोर घर से चार भगोने, तीन परातें, 10 हजार रुपये और अन्य सामान ले गए। घटना के बाद मकान में सामान बिखरा मिला।

दूसरे मकान और मंदिर के भी तोड़े ताले

चोरों ने इसी मोहल्ले में कन्हैया गुप्ता पुत्र सतीश चंद्र के घर का ताला भी तोड़ दिया, लेकिन यहां से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। इसके अलावा विशित्तगिरी मंदिर का ताला भी टूटा मिला। मंदिर से भी किसी सामान की चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है। एक ही रात में तीन स्थानों के ताले टूटने की घटना से मोहल्ले के लोगों में असुरक्षा की भावना है।

दो दिन पहले शिव मंदिर में हुई थी चोरी

कस्बे में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो दिन पहले पहरा-रुदायन मार्ग पर अमर शहीद महावीर सिंह राठौर की प्रतिमा के पास स्थित शिव मंदिर में भी चोरों ने ताले तोड़कर पूजा का सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी तक घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इसके बाद अब एक ही रात में तीन स्थानों के ताले टूटने से पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाएं होने से कस्बे में लोगों की चिंता बढ़ रही है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।

थानाध्यक्ष रोहित राठी ने बताया कि पुलिस को तीन स्थानों पर ताले टूटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हलवाई का काम करने वाले व्यक्ति के बंद मकान में चोरी की बात सामने आई है, जिसमें वह रहता नहीं है। मामले में रिपोर्ट पंजीकृत कर जांच की जा रही है।