
एटा। राखी के त्योहार पर बहन के घर जा रहे बाइक सवार युवकों की बाइक को सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर कोतवाली अलीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
घायल सुमित पुत्र राजकुमार ने बताया कि वह अपनी बहन के यहां राखी बंधवाने के लिए अपने बुआ के बेटे के साथ जा रहे थे। जैसे ही वे अलीगंज-अमरोली रतनपुर रोड पर पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए।
घायलों में सुमित कुमार और उनके बुआ के बेटे हरपाल पुत्र हरदौल की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार हरपाल सिंह पुत्र सुरेश चंद्र निवासी ग्राम बबीना, थाना बिछुआ, जनपद मैनपुरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सीएचसी अलीगंज के चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि तीन घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें दो घायलों की हालत उपचार के बाद स्थिर है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया है। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। थाना स्तर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply