कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा बाईपास पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसलने से अलीगढ़ के 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ अलीगढ़ से कासगंज घूमने आया था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अलीगढ़ जिले के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव गोपी निवासी चार दोस्त रविवार देर रात दो बाइकों से घूमने निकले थे। बताया गया कि रास्ते में नगला डुकरिया के पास स्थित एक ढाबे पर दोस्तों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद गोपाल सिंह (20) पुत्र सीताराम अपनी बाइक लेकर अकेले आगे निकल गया।

कुछ दूरी पर मोहनपुरा बाईपास के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरने से गोपाल के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोपाल सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों से पुलिस ने की पूछताछ

पुलिस ने मृतक के साथ आए दोस्तों छोटू उर्फ आदित्य, राहुल जाटव और संदीप से पूछताछ की। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ढाबे पर शराब पीने के बाद गोपाल बाइक लेकर आगे निकल गया था। इसके बाद मोहनपुरा बाईपास के पास बाइक फिसलने से हादसा हो गया।

एसपी भी पहुंचे जिला अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलने पर एसपी ओपी सिंह देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के दोस्तों से घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से भी मामले की जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।