
एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग ने जटिल स्त्री रोग संबंधी शल्यक्रियाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के मार्गदर्शन और प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पिछले कुछ महीनों में कई कठिन ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर महिलाओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से राहत दिलाई है।
विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि जुलाई माह में कई ऐसी महिलाओं का उपचार किया गया, जो लंबे समय से अत्यधिक रक्तस्राव और बच्चेदानी की बड़ी रसौली जैसी गंभीर समस्याओं से पीड़ित थीं। कुछ मामलों में मरीजों की बच्चेदानी में 7×8 सेंटीमीटर आकार और एक किलोग्राम से अधिक वजन की रसौली मिली, जबकि एक महिला की बच्चेदानी के मुख पर अत्यंत बड़ी रसौली होने के कारण कई अस्पतालों ने ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया था। मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इन चुनौतीपूर्ण मामलों में भी सफल शल्यक्रिया कर मरीजों को राहत दी।
डॉ. साधना सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ की एक महिला, जिसकी करीब 8 सेंटीमीटर की रसौली का आधा हिस्सा शरीर के बाहर लटक रहा था, उसने बच्चेदानी सुरक्षित रखने की इच्छा जताई। विशेषज्ञ टीम ने बिना पेट पर चीरा लगाए सफल ऑपरेशन कर उसकी बच्चेदानी सुरक्षित रखी। सात दिन बाद महिला स्वस्थ होकर अपने गृह राज्य लौट गई।
सफल उपचार के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकों की विशेषज्ञता, समर्पण और संवेदनशील सेवाओं की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से जटिल से जटिल रोगों का सफल उपचार किया जा रहा है। संस्थान का लक्ष्य प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
Leave a Reply