पंपलेट बांटकर सुरक्षा, कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

एटा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर शनिवार को जनपद में मिशन शक्ति अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. के निर्देशन में पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांव, कस्बों, मोहल्लों, बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के संबंध में जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए हेल्पलाइन नंबरों के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में बताया गया। उन्हें 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वुमेन पावर लाइन और 181 महिला हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके

पुलिस टीमों ने महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया।

कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

अभियान के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी सुरक्षा के बारे में बताया गया। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण में चले अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के बीच सुरक्षा, विश्वास और आत्मनिर्भरता का वातावरण स्थापित करना रहा। एटा पुलिस ने नागरिकों से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सहयोग करने की अपील की।