युवाओं में प्रेम संबंधों के चलते पलायन की घटनाओं से बचाव और साइबर अपराध की रोकथाम पर दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया

एटा। थाना राजा का रामपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा मंगलवार को चंपा देवी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5.2 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय की छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल सहायता लेने और घटना को छिपाने के बजाय पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को युवाओं के मध्य प्रेम संबंधों के चलते घर से पलायन करने की घटनाओं के संबंध में भी जागरूक किया। टीम ने बताया कि कम उम्र में भावनात्मक बहकावे में आकर उठाए गए कदम कई बार छात्राओं और उनके परिवारों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकते हैं। छात्राओं को ऐसे मामलों में परिवार के सदस्यों, शिक्षकों अथवा पुलिस से बातचीत करने और किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर घर छोड़ने जैसा कदम नहीं उठाने की सलाह दी गई।

साइबर बुलिंग से बचाव की दी जानकारी

अभियान के दौरान छात्राओं को साइबर बुलिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि सोशल मीडिया, मोबाइल फोन अथवा इंटरनेट के माध्यम से किसी व्यक्ति को परेशान करना, धमकी देना, अभद्र संदेश भेजना, आपत्तिजनक फोटो या वीडियो साझा करना या किसी की निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल करना गंभीर मामला हो सकता है। छात्राओं को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने, अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने के लिए जागरूक किया गया।

टीम ने छात्राओं को यह भी बताया कि यदि साइबर अपराध या ऑनलाइन उत्पीड़न की कोई घटना होती है तो घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, महिला संबंधी सहायता के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन और 181 महिला हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076, एंबुलेंस सेवा के लिए 108, बच्चों से संबंधित सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 पर संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस टीम ने छात्राओं को थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि महिलाएं और बालिकाएं अपनी समस्याओं को महिला हेल्प डेस्क पर साझा कर सकती हैं। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता और महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गई।

समस्या होने पर चुप न रहने की अपील

पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, धमकी, उत्पीड़न, साइबर अपराध या अन्य समस्या होने पर चुप न रहें। ऐसी स्थिति में तत्काल अपने माता-पिता, परिजनों, विद्यालय के शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें। टीम ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया।

अभियान के दौरान मिशन शक्ति प्रभारी एवं उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार गौतम, महिला कांस्टेबल अंशिका, महिला कांस्टेबल हिमांशी तथा कांस्टेबल चालक सचिन पाल मौजूद रहे। पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।