प्रेम संबंधों में पलायन और साइबर बुलीइंग से बचाव की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया

एटा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत थाना राजा का रामपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने कस्बे में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान युवाओं और महिलाओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। टीम ने युवाओं के बीच प्रेम संबंधों के चलते घर से पलायन करने की घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए इसके सामाजिक और कानूनी प्रभावों के बारे में बताया।

अभियान के दौरान साइबर बुलीइंग को लेकर भी युवाओं को सचेत किया गया। टीम ने सोशल मीडिया पर किसी को परेशान करने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धमकी देने अथवा निजी जानकारी का दुरुपयोग करने से बचने और ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल शिकायत करने की सलाह दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने तथा किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में बताया गया।

पुलिस टीम ने बताया कि थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाएं और बालिकाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करा सकती हैं। इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं और आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। साथ ही सोशल मीडिया पर साइबर अपराध से बचने के लिए अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

इस मौके पर उपनिरीक्षक सुरेंद्र गौतम, महिला कांस्टेबल स्वाति, महिला कांस्टेबल हिमांशी और कांस्टेबल प्रियांशु गुप्ता सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।