पुलिस टीम ने महिला अपराध, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

एटा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को कस्बा राजा का रामपुर और आरबीएल आर्य इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र गौतम, महिला आरक्षी निशा धामा और इसराना अंजुम ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम, छेड़छाड़, उत्पीड़न तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बताया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन किसी प्रकार की धमकी, ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिलाओं की सहायता के लिए 1090 तथा बच्चों की सहायता के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस या अपने परिजनों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र गौतम ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस टीम ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।