एटा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना राजा का रामपुर पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने कस्बे में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मी ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों से बचाव के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया।

थाना राजा का रामपुर की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम की महिला आरक्षी स्वाती ने कस्बे में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार के अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा धमकी का सामना करना पड़े तो वे चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय रहते सूचना देने से पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर सकती है।

जागरूकता अभियान के दौरान महिला आरक्षी ने महिला संबंधी अपराध, साइबर अपराध तथा एलॉपमेंट केसों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा करने से बचने के लिए कहा।

महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के लिए विशेष रूप से जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सकता है। इनमें 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन प्रमुख हैं।

महिला आरक्षी स्वाती ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अपराध की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

एंटी रोमियो टीम ने भी किया जागरूक

अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने भी महिलाओं एवं बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली छेड़छाड़ और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। टीम ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा लगातार स्कूल, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी परेशानी को लेकर संकोच न करें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर अथवा नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है।