एआरएम पर सुनवाई न करने का आरोप, कार्रवाई की मांग पर अड़े कर्मचारी

एटा। एटा रोडवेज डिपो में गुरुवार को बस परिचालकों और चालकों ने कथित मारपीट की घटनाओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वर्कशॉप परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की और बसों का संचालन बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। साथ ही एआरएम को मौके पर बुलाकर वार्ता कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिचालकों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा और अधिकारियों से वार्ता नहीं होगी, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के विरोध के चलते कुछ समय के लिए रोडवेज की बस सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

परिचालक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को चालक मोहन के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि गुरुवार को भी एक अन्य चालक को पुलिस जबरन अपने साथ ले गई। इस पूरे मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एआरएम के मौके पर पहुंचकर वार्ता करने और समस्या का समाधान कराने के बाद ही बसों का संचालन सामान्य किया जाएगा।

फिलहाल प्रदर्शन के चलते रोडवेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक विभागीय अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।