
सीओ नीतीश गर्ग के नेतृत्व में भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त, सीसीटीवी कैमरों की भी जांच
एटा। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को थाना मलावन क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त कर चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने कस्बे के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण किया।
पुलिस टीम ने गश्त के दौरान प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध लोगों की चेकिंग की गई। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों को लेकर भी जागरूक किया। पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा झूठी खबर प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। क्षेत्र में आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार सतर्कता बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह सहित थाना मलावन का पुलिस बल मौजूद रहा।
Leave a Reply