एटा। कस्बा राजा का रामपुर के पूर्वी जाटवान मोहल्ले में बाल्मीकि समाज की ओर से रविवार को भगवान श्री गणेश की विसर्जन यात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप, आकर्षक झांकियों और ‘गणपति बप्पा मोरया, अब बरस अब जल्दी आना’ के जयकारों के बीच निकली यात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरा कस्बा गणेशमय नजर आया।

भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन यात्रा पूर्वी जाटवान मोहल्ले से शुरू हुई। यात्रा में सबसे आगे श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। इसके पीछे भगवान श्री गणेश की प्रतिमा और आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। यात्रा के कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई।

विसर्जन यात्रा पूर्वी जाटवान मोहल्ले से निकलकर मोहल्ला गड़रियान, मोहल्ला गढ़ी रानी साहिबा, डाकखाना रोड और सदर बाजार होते हुए नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों से कस्बे का वातावरण भक्तिमय हो गया।

अबीर-गुलाल से सराबोर हुआ यात्रा मार्ग

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा और उत्साह व्यक्त किया। मार्ग में मौजूद लोगों ने भी विसर्जन यात्रा का स्वागत किया। आकर्षक ढंग से सजाई गई झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। उन्हें देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही।

यात्रा में शामिल युवा ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं और बच्चों में भी गणेश विसर्जन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा।

कादरगंज घाट पर किया प्रतिमा का विसर्जन

नगर के मुख्य चौराहे से विसर्जन यात्रा जनपद कासगंज के कादरगंज घाट के लिए रवाना हुई। घाट पर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद भावपूर्ण माहौल में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। साथ ही अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की प्रार्थना की।

विसर्जन यात्रा में भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर, राजेंद्र बाल्मीकि, अरुण बाल्मीकि, प्रेम बाल्मीकि, धारा, लल्लन बाल्मीकि, लखन बाल्मीकि, मनोज, राहुल सहित बाल्मीकि समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में विसर्जन यात्रा संपन्न कराई।