कैल्ठा चौराहे पर देर रात हुई कार्रवाई, कायमगंज से राजस्थान जा रही थी गाड़ी; भौतिक सत्यापन के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

अलीगंज/एटा। ज्वाइंट कमिश्नर अलीगढ़ के निर्देशन में कर संबंधी अनियमितताओं की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट टैक्स विभाग की टीम ने शनिवार देर रात अलीगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने कैल्ठा चौराहे के पास तंबाकू से संबंधित माल से भरी एक गाड़ी को जांच के लिए रोक लिया। जांच के बाद गाड़ी को माल समेत कोतवाली अलीगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर एटा अभय सिंह के नेतृत्व में टीम ने कैल्ठा चौराहे के पास वाहनों की जांच की। इसी दौरान कायमगंज से राजस्थान की ओर जा रही एक गाड़ी को रोककर उसमें लदे माल की जांच की गई। गाड़ी में तंबाकू से संबंधित माल पाया गया।

माल की वास्तविक स्थिति का होगा सत्यापन

असिस्टेंट कमिश्नर अभय सिंह ने बताया कि माल की वास्तविक स्थिति की जांच के साथ यह भी सत्यापित किया जाना है कि गाड़ी में तंबाकू के अलावा किसी अन्य वैरायटी का माल तो नहीं है। इसके लिए माल का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गाड़ी को आवश्यक जांच के लिए माल समेत कोतवाली अलीगंज पुलिस के सुपुर्द किया गया है। विभागीय स्तर पर भौतिक सत्यापन के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार जारी रहेगा अभियान

अभय सिंह ने बताया कि ज्वाइंट कमिश्नर अलीगढ़ के निर्देशन में जनपद में कर संबंधी अनियमितताओं की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से वाहनों और माल की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।