
जसरथपुर के नगला सरदार में घर में घुसने को लेकर हुआ विवाद, युवक पर भाई-भतीजी पर हमला करने का आरोप; दोनों का देर रात सीएचसी अलीगंज में मेडिकल
एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के नगला सरदार गांव में घर में घुसने को लेकर पूछताछ करने पर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने बका से हमला कर दिया। भाई को बचाने के लिए बीच में आई युवती के साथ भी मारपीट की गई। घटना में युवक और युवती घायल हो गए। पुलिस ने दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
गांव निवासी बंटी पुत्र शिवपाल सिंह (40) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव निवासी साहिल पुत्र अनिल (18) उसके घर में घुस आया था। बंटी के अनुसार, शाम करीब सात बजे साहिल जब उसकी गली से निकल रहा था, तो उसने घर में आने के संबंध में उससे पूछताछ की।
आरोप है कि घर में आने के संबंध में पूछताछ किए जाने से नाराज साहिल ने बंटी के छोटे भाई अनुज पर बका से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अनुज घायल हो गया। उसे बचाने के लिए बंटी की बेटी अनी बीच में आ गई। आरोप है कि युवक ने अनी को भी खींच लिया और उसके साथ मारपीट की।
हमले में अनी के होंठ और दांतों में चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन दोनों घायलों को लेकर थाना जसरथपुर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने घायल अनुज और अनी को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा। दोनों का शनिवार देर रात करीब 10 बजे चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद बंटी ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जसरथपुर प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में दो घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply