
कासगंज। पटियाली के मोहल्ला मिश्राना हल्दियान में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। सड़क किनारे नाली में खून से लथपथ हालत में एक नवजात बच्ची पड़ी मिली। राहगीरों ने पहले उसकी आवाज सुनकर किसी जानवर का बच्चा समझा, लेकिन पास जाकर देखा तो सभी के होश उड़ गए।
नवजात की कुनकुनाहट सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान शशि पत्नी विष्णु की ममता जाग उठी। उन्होंने बिना देर किए बच्ची को नाली से बाहर निकाला, उसे अपने सीने से लगाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं। वहां चिकित्सकों ने नवजात का परीक्षण कर उसे स्वस्थ बताया। इसके बाद शशि ने बच्ची को नहलाया, साफ-सुथरे कपड़े पहनाए और उसकी देखभाल की। उनके इस मानवीय कार्य की हर ओर सराहना हो रही है।
घटना की सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह ने बताया कि नवजात बच्ची सुरक्षित है। उसे चाइल्ड लाइन टीम के संरक्षण में सौंप दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर नवजात बच्ची को नाली में किसने छोड़ा। फिलहाल बच्ची को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
Leave a Reply