
मंडल कार्यसमिति, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों के सत्यापन को लेकर हुई बैठक
एटा। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कस्बा राजा का रामपुर में भाजपा मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के सत्यापन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के समीप आयोजित बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा उर्फ रामू भटेले ने संगठन की मजबूती और पदाधिकारियों की सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मंडल कार्यसमिति के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों तथा बूथ अध्यक्षों के सत्यापन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि अविनाश शर्मा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक फैला कार्यकर्ताओं का नेटवर्क है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की सक्रियता की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि जो पदाधिकारी लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में निष्क्रिय हैं, उनकी जिम्मेदारियों की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पद से हटाया जाएगा। वहीं, पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देकर संगठन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
बैठक के दौरान शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ समितियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करें। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान गुरुवार को आयोजित होने वाली बूथ समिति की बैठकों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। बैठकों के आयोजन स्थल, उनमें शामिल होने वाले पदाधिकारियों और बूथ स्तर तक कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रत्येक बूथ समिति की बैठक को गंभीरता से आयोजित किया जाए, ताकि संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और आवश्यक सुधार किए जा सकें।
बैठक के दौरान संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मंडल मंत्री प्रेम बाल्मीकि का जिला उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा उर्फ रामू भटेले ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक में भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर, शिव कुमार, अशोक, मुनीश, बहाल मियां, रामानंद मिश्रा, प्रवीन भदौरिया, अखिलेश सिंह राठौर और योगेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply