
लगातार बारिश से पुराने मकानों पर बढ़ा खतरा, दो परिवारों का घरेलू सामान और राशन हुआ खराब
एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार तेज बारिश के चलते पुराने और जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्राम सुमौर में बारिश के कारण देर रात दो पुराने मकान अचानक धराशायी हो गए। मकान गिरने से घरों में रखा घरेलू सामान, खाद्यान्न, कपड़े और अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हादसे में दोनों परिवारों को हजारों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुमौर निवासी सर्वेश सिंह पुत्र धर्म सिंह का पुराना मकान लगातार बारिश के बीच देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के धराशायी होने से उसके अंदर रखा घरेलू सामान और राशन मलबे में दब गया। अचानक मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
वहीं गांव के ही चंद्रपाल सिंह पुत्र मुकंद सिंह का जर्जर मकान भी तेज बारिश के चलते गिर गया। इस मकान के मलबे में भी घरेलू उपयोग का सामान, राशन तथा अन्य जरूरी सामान दबकर खराब हो गया। दोनों मकानों के गिरने से पीड़ित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
लगातार बारिश से बढ़ रहा जर्जर मकानों का खतरा
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकानों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बारिश का पानी मकानों की दीवारों और छतों में पहुंचने से उनके कमजोर होने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई ऐसे पुराने मकान हैं, जिनकी स्थिति पहले से ही जर्जर बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते इन मकानों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन से सर्वे और सहायता की मांग
मकान गिरने की घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के नुकसान का मौके पर सर्वे कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने जर्जर मकानों का भी सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है।
Leave a Reply