
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के खैरपुरा मोड़ के पास अलीगंज-राजा का रामपुर मार्ग पर गुरुवार देर शाम को एक बाइक सवार ने ओवरटेक करते समय आगे चल रही साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक और साइकिल सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों के उपचार के बाद दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। हादसे में बाइक सवार गौरव पुत्र रन सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी भगवानपुरा घायल हुए हैं। बताया गया कि गौरव अलीगंज से अपने गांव भगवानपुरा जा रहे थे। वह पड़ाव स्थित मोबाइल की दुकान से वापस लौट रहे थे। वहीं साइकिल सवार विशाल पुत्र सतेंद्र सिंह, उम्र 18 वर्ष, निवासी नगला बनी भी अलीगंज की ओर से अपने गांव जा रहे थे। घायल विशाल के मुताबिक वह साइकिल से आगे जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक सवार गौरव ने ओवरटेक करने का प्रयास किया और उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।सीएचसी अलीगंज में तैनात चिकित्सक डॉ. विशाल चंद्रा ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है।वहीं डायल 112 पर तैनात कांस्टेबल शिवराज सिंह और होमगार्ड मनोज ने बताया कि कंट्रोल रूम से सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया।
Leave a Reply