
एटा। थाना मलावन क्षेत्र के नगला सूडा गांव के पास रविवार को बंबे में एक अज्ञात महिला का शव बहता मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में महिला की पहचान और उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
सूचना मिलने पर मलावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बंबे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ करने के साथ ही महिला के शव की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि महिला की पहचान हो सके।
मिली जानकारी के मुताबिक शव करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है। काफी समय तक पानी में पड़े रहने के कारण शव की स्थिति भी खराब बताई गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Leave a Reply