
भरगैन में हादसा: मलबे में दबे तीन मजदूर, एक की मौत; गंभीर घायल सागर एटा रेफर
एटा। कासगंज जनपद के कस्बा भरगैन में बुधवार को पुराने मकान का लेंटर तोड़ते समय अचानक ढह गया। हादसे में लेंटर के मलबे के नीचे दबकर राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। गंभीर घायल एक मजदूर को एटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसे उपचार के बाद घर ले आया गया है।
जानकारी के अनुसार राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर निवासी ताले सिंह (42) पुत्र कस्तूरी, सागर (21) पुत्र जीतू और प्रेमचंद्र (35) पुत्र सुरेंद्र मजदूरी करने भरगैन कस्बा गए थे। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे तीनों मजदूर पुराने मकान का लेंटर खोलने और तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लेंटर भरभराकर नीचे आ गिरा। तीनों मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान ताले सिंह ने तोड़ा दम
मृतक के भाई राजपाल के अनुसार हादसे के बाद घायल मजदूरों को कायमगंज अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे की तत्काल सूचना उन्हें नहीं दी गई। बाद में गंभीर हालत में ताले सिंह समेत तीनों को घर छोड़ दिया गया। इसके बाद ताले सिंह की हालत बिगड़ गई और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
सागर एटा अस्पताल में भर्ती, प्रेमचंद्र घर पहुंचे
हादसे में घायल सागर की हालत गंभीर होने पर उसे एटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं प्रेमचंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उपचार के बाद परिजन उसे घर ले आए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। परिजनों की ओर से थाने में शिकायत भी दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक ताले सिंह के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन घटना की जांच और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Leave a Reply