राजकीय इंटर कॉलेज में लगा विधिक जागरूकता शिविर, गुड टच-बैड टच समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी

एटा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर चल रहे ‘गांधी जयंती पर विशेष जागरूकता अभियान’ के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, साकिट रोड एटा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012, बाल अधिकारों और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज/एफटीसी प्रथम एटा शीलवन्त ने की। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों और कानून का उल्लंघन करने पर होने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।

शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन एवं श्रमिक अधिकार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में भरोसेमंद व्यक्ति अथवा संबंधित प्राधिकरण को जानकारी देने के लिए जागरूक किया गया।

न्यायिक अधिकारियों ने दी कानूनी जानकारी

प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) युगल चंद्र चौधरी तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सत्यम सिंघल ने भी छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

बताया गया कि विशेष जागरूकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुभाष सिंह चाहर, शिक्षिकाएं आविदा बानो, पूनम यादव, शिक्षक राजेंद्र सिंह वर्मा, अवनीश पाल सिंह, डॉ. रामपाल सिंह, पुष्पेंद्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मध्यस्थ अधिवक्ता योगेश कुमार सक्सेना, रिचा यादव, विनीता यादव, प्रिंस गौतम समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की।