सिकंदरपुर गांव में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत से मची सनसनी; पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आत्महत्या की आशंका

सकीट। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में शनिवार देर शाम एक 40 वर्षीय राजमिस्त्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया पुलिस मामले को आत्महत्या का मान रही है, हालांकि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

गांव सिकंदरपुर निवासी तुलसीदास उर्फ स्वर सिंह (40) पुत्र धनसिंह राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि शनिवार सुबह उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद वह घर पर अकेला था। देर शाम तक घर से कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो तुलसीदास का शव फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर लोगों के होश उड़ गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फांसी लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।