मई में हुई थी शादी, सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था निर्दोष; नवविवाहिता पत्नी हुई बेहोश, परिवार में मचा कोहराम

एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र में दाऊदगंज के पास रविवार को नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

ग्राम झकरई निवासी निर्दोष बाइक से जा रहा था। दाऊदगंज के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। बाइक की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही निर्दोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मई में ही हुई थी शादी, पत्नी बेसुध

निर्दोष की शादी इसी वर्ष मई महीने में हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद सड़क हादसे में उसकी मौत की खबर से नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति की मौत की सूचना मिलते ही वह बेसुध होकर गिर पड़ी। परिजनों ने किसी तरह उसे संभाला। घर में शादी के बाद खुशियों का माहौल अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था निर्दोष

परिजनों के अनुसार निर्दोष अपने पिता विनोद कुमार की सात संतानों में तीसरे नंबर का था। विनोद कुमार के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी शशी (26) विवाहित है। इसके बाद बेटा विवेक (23) है, जो विवाहित है। तीसरे नंबर पर निर्दोष (20) था। इसके बाद अर्जुन (18), विमल (17), बेटी शोभा (16) और दुर्वेश (14) हैं।

निर्दोष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटे की मौत से पिता विनोद कुमार और मां समेत भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शादी के महज कुछ महीने बाद पति की मौत ने नवविवाहिता पत्नी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कोतवाली अलीगंज प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि बाइक सवार युवक की नीलगाय से टक्कर हो गई थी। हादसे में घायल युवक को सीएचसी अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेजा है। मामले में थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।