कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम नीम का पेड़ काटते समय हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़ी खड़ेई निवासी 46 वर्षीय दिनेश पुत्र रामसनेही और ग्राम गढ़िया ताजपुर निवासी 38 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र श्रीकृष्ण शुक्रवार शाम नीम का पेड़ काट रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ काटते समय संतुलन बिगड़ गया और दोनों ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि मृतक दिनेश कस्बा भरगैन स्थित हज्जिन सादिका बेगम डिग्री कॉलेज में माली के पद पर कार्यरत थे। वहीं घायल शैलेंद्र भी इसी कॉलेज में चौकीदार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलने पर पटियाली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह, गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। आवश्यक कार्रवाई के बाद रात करीब नौ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पटियाली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल घटना स्थल भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर नीम का पेड़ किस स्थान पर काटा जा रहा था। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।