
डीएम और एसएसपी ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण
एटा। जनपद में निर्माणाधीन सरकारी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्थलीय निरीक्षण तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ नगरिया मोड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर निर्माणाधीन अवशेष कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपी सिडको) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 10 करोड़ 97 लाख 64 हजार रुपये है। परियोजना के तहत मुख्य भवन के अलावा वर्कशॉप, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, कैंटीन, पुस्तकालय, लेक्चर कक्ष, कार्यालय, छात्र-छात्राओं के लिए कॉमन रूम सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि परियोजना के निर्माण में किसी प्रकार का प्रशासनिक अथवा तकनीकी अवरोध सामने आ रहा है तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए। ऐसे मामलों में शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार और प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा, ताकि परियोजना की प्रगति प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता अवधेश वर्मा, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी उपेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply