जैथरा (एटा)। कस्बा जैथरा में गुरुवार को एक निजी स्कूल के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची को एक युवक उठाकर ले गया। घटना से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बच्ची के परिजन विद्यालय पहुंच गए और स्थानीय लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, प्रवीन दुबे, निवासी मोहल्ला बढ़ेयान, की 3 वर्षीय बच्ची स्कूल के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे चुपके से अपने साथ ले गया। बच्ची के अचानक गायब होने की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन, परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुट गए। कस्बे की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

तलाश के दौरान लोगों की एक टीम जरारी रोड की ओर पहुंची, जहां एक युवक बच्ची को पेड़ की ओट में बैठाए मिला। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि बच्ची के स्कूल नहीं पहुंचने पर उसके परिजन विद्यालय आए और तलाश शुरू की गई। करीब एक किलोमीटर दूर बच्ची एक युवक के साथ मिली। प्रारंभिक जांच में युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। बच्ची को अपने साथ ले जाने के कारणों की जांच की जा रही है। बच्ची के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।