ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम, मगरमच्छ मिलने से गांव में रही दिनभर चर्चा

एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम करनपुर में शनिवार को एक नाले में बहता हुआ बेबी मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब डेढ़ फुट लंबे मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे भनऊ घाट स्थित काली नदी में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम करनपुर निवासी विमल ने गांव के पास एक नाले में मगरमच्छ के बच्चे को तैरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बिना देर किए वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र, सचिन और उजीत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और कुछ ही देर में लगभग डेढ़ फुट लंबे बेबी मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने के उद्देश्य से भनऊ घाट की काली नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

गांव में मगरमच्छ का बच्चा मिलने की घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। कई ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह मगरमच्छ नाले के बहाव के साथ आया है तो संभव है कि आसपास अन्य मगरमच्छ भी मौजूद हों। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या परेशान करने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।