
राजा का रामपुर पुलिस ने बिलसड़-अलीगंज मार्ग से पकड़ा, एक साथी जेवरात लेकर फरार
एटा। थाना राजा का रामपुर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म से जुड़े मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में शामिल बताया जा रहा एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव नगला मोहन निवासी अवनीश पुत्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के अनुसार आरोपी थाना में दर्ज मुकदमा के तहत वांछित चल रहा था। आरोपी को बिलसड़ से अलीगंज जाने वाले मार्ग पर ग्राम गढ़िया हरवे के पास से बधुवार रात करीब आठ बजे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी घटना से संबंधित जेवरात लेकर भागने में सफल रहा। थाना पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी और जेवरात की बरामदगी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुमित शर्मा, कांस्टेबल शिवम कुमार तथा महिला कांस्टेबल इरशाना अंजुम शामिल रहीं।
Leave a Reply