तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होते ही हुआ जोरदार टक्कर, हादसे में घायल युवक जिला अस्पताल रेफर; सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

कासगंज। सोरों गेट पुलिस चौकी के बाहर शनिवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी कार में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चौकी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता देखकर लोग हैरान रह गए। गनीमत रही कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था।

गंगेश्वर कॉलोनी निवासी अमन भारद्वाज (22) पुत्र सुनील भारद्वाज शनिवार रात बाइक से बस स्टैंड की ओर से सोरों की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक नशे की हालत में था और बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सोरों गेट तिराहे के पास पहुंचते ही वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और पुलिस चौकी के बाहर खड़ी कार में सीधे जा घुसा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी अशोक नगर भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बाल-बाल बचा दूसरा बाइक सवार

हादसे का पूरा घटनाक्रम चौकी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में बाइक सवार तेज रफ्तार में आता और अनियंत्रित होकर कार से टकराता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान सोरों की ओर से आ रहा एक दूसरा बाइक सवार भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। कुछ ही सेकेंड में हुए इस हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को दहला दिया।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।