एटा। कस्बा राजा का रामपुर स्थित पहरा-रुदायन मार्ग पर मोहल्ला पश्चिमी जाटवान के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा। वहीं, एक घायल को परिजन निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए।
जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के नगला पोहपी निवासी अरविंद (28) पुत्र अमर सिंह किसी निजी कार्य से राजा का रामपुर कस्बे की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पटियाली थाना क्षेत्र के गढ़ी ठकपुरा निवासी पुष्पेंद्र कुमार पुत्र महाराज सिंह अपनी मोपेड बाइक से गांव की ओर लौट रहे थे।
बताया गया कि पहरा-रुदायन मार्ग पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अरविंद के परिजन उन्हें निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए, जबकि दूसरे घायल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
Leave a Reply