
बाजार करने निकले 11वीं के छात्र को कन्हैया चौराहे पर तेज रफ्तार कैंटर ने कुचला, साथी गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
मुखरना गांव में पसरा मातम, छह माह पहले हुई थी बहन की शादी; मजदूर परिवार का इकला सहारा था शिवम
एटा। नई बाइक खरीदने की खुशी अभी परिवार के चेहरे से उतरी भी नहीं थी कि एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। रिजोर थाना क्षेत्र के कन्हैया चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार कैंटर ने स्प्लेंडर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सागर उर्फ रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव मुखरना निवासी 18 वर्षीय शिवम पुत्र उमा अपने दोस्त सागर उर्फ रंजीत पुत्र महिपाल के साथ एटा बाजार करने आया था। दोनों जैसे ही कन्हैया चौराहे पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सागर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शिवम राम बाल भारती इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में एक छोटा भाई है और बहन की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक छा गया।
मृतक के ताऊ कैलाश कुमार ने बताया कि शिवम पढ़ाई के साथ परिवार का सहारा बनने का सपना देख रहा था। लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने उसकी जिंदगी और परिवार के सभी सपनों को खत्म कर दिया।
सबसे मार्मिक बात यह रही कि जिस स्प्लेंडर बाइक पर दोनों युवक सवार थे, उसे परिवार ने महज दो दिन पहले ही खरीदा था। नई बाइक की खुशियां मनाने से पहले ही वही बाइक परिवार के लिए जिंदगीभर का गम बन गई।
घटना की सूचना पर रिजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्षतिग्रस्त बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस का पक्ष
क्षेत्राधिकारी सकीट नितेश गर्ग ने बताया कि कैंटर और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply