एटा। जैथरा थाना क्षेत्र की धुमरी चौकी के अंतर्गत गुरुवार को दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए 9 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

जानकारी के अनुसार धुमरी निवासी हिमांशु (9 वर्ष) पुत्र सिपाही लाल गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे राधा देवी कॉन्वेंट स्कूल से छुट्टी के बाद घर आया था। कुछ देर बाद वह अपने दोस्तों ध्रुव और मानव के साथ घूमने के लिए निकल गया। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान जब परिजनों ने उसके दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि तीनों क्रिया गांव के जंगल में स्थित एक तालाब में नहाने गए थे, जहां हिमांशु गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों की निशानदेही पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी तलाश के बाद तालाब से हिमांशु का शव बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक हिमांशु कक्षा दो का छात्र था और अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पड़ोसियों के अनुसार उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। पिता सिपाही लाल मूल रूप से कासगंज जनपद के सिउडी पोस्ट शेखपुरा के निवासी हैं, लेकिन विवाह के बाद ससुराल में ही रहकर बेलदारी का कार्य करते हैं। वहीं मां घरों में पूड़ियां बेलकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।

घटना की सूचना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हिमांशु के पिता ने धुमरी चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

धुमरी चौकी प्रभारी धर्मेश कुमार ने बताया कि बालक दोपहर करीब दो बजे घर से निकला था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बाद में क्रिया स्थित तालाब में डूबने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।