दरियावगंज से लौटते समय हुआ असदपुर गांव के पास हादसा, क्रेन की मदद से खाई से निकलवाई गई कार; पुलिस ने यातायात कराया सुचारू

एटा। जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के असदपुर गांव के पास बहन के यहां से अपने गांव लौट रहे पिता-पुत्र की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद क्रेन की मदद से कार को खाई से बाहर निकलवाया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।

जानकारी के अनुसार, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद क्षेत्र के गांव सिरमौरा बांगर निवासी ओंकार अपने पुत्र प्रशांत के साथ दरियावगंज के नगला गाड़ी स्थित अपनी बहन के यहां गए थे। वहां से दोनों स्विफ्ट कार संख्या UP 76 AW 2976 से अपने गांव वापस लौट रहे थे। कार ओंकार चला रहे थे, जबकि उनका पुत्र प्रशांत साथ बैठा था।

बताया गया कि रास्ते में थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के असदपुर गांव के पास तेज रफ्तार के कारण कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिता-पुत्र को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद दोनों ने क्रेन मंगवाकर कार को खाई से बाहर निकलवाया।घटना सोमवार की दोपहर करीब 12 की है।

मामले की जानकारी मिलने पर थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना राजा का रामपुर के दरोगा सुखनंदन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। क्रेन की मदद से गाड़ी को बाहर निकलवा दिया गया है और यातायात भी सुचारू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल थाना स्तर पर मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।