एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर घुमरिया के पास हादसा, कार छोड़कर चालक फरार; पशुपालन पर निर्भर परिवार के सामने आर्थिक संकट

सकीट। थाना रिजोर क्षेत्र में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम घुमरिया के समीप तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सड़क पार कर रही दो भैंसों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम घुमरिया निवासी गजेंद्र सिंह रविवार देर शाम अपनी भैंसों को खेतों से चराकर घर वापस लौट रहे थे। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर वह भैंसों को सड़क पार करा रहे थे। इसी दौरान एटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार संख्या UP14DZ9769 ने भैंसों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही गजेंद्र सिंह के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार गजेंद्र सिंह का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और पशुपालन के जरिए ही परिवार का भरण-पोषण होता है। दो भैंसों की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

कार छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर थाना रिजोर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की तलाश और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

मृत भैंसों का कराया गया पोस्टमार्टम

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घुमरिया के समीप कार की टक्कर से दो भैंसों की मौत हुई है। कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों भैंसों का चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।