
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर में शनिवार देर रात तेज बारिश और हवाओं के चलते पड़ोसी के मकान की दीवार भरभराकर दूसरे के घर में बने टीन शेड पर जा गिरी। हादसे में टीन शेड के नीचे रखा अनाज, मोटरसाइकिल, बेड, साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में हजारों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। गनीमत रही कि घटना के समय टीन शेड के नीचे कोई व्यक्ति नहीं सो रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
ग्राम चंदनपुर निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र राम लड़ेंते ने बताया कि उनके पड़ोस में सतेंद्र दीक्षित पुत्र राम स्वरूप दीक्षित का मकान है। मकान की छत पर बनी दीवार शनिवार देर रात करीब 11 बजे तेज बारिश और हवा के बीच अचानक तेज आवाज के साथ गिर गई। दीवार उनके मकान में बने टीन शेड के ऊपर जा गिरी।
दीवार गिरने से टीन शेड के नीचे रखा सरसों, गेहूं और मक्का का अनाज मलबे में दब गया। इसके अलावा अपाचे मोटरसाइकिल, बेड, साइकिल और अन्य जरूरी सामान भी दीवार के मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग जाग गए। बाहर निकलकर देखा तो टीन शेड का काफी हिस्सा मलबे में दबा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाकर दबे हुए सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया।
परिजनों के मुताबिक बारिश के कारण पहले से ही हालात खराब थे और तेज हवा के बीच अचानक दीवार गिरने से घर में रखा जरूरी सामान बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
Leave a Reply