
एटा। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार सुबह कस्बा जैथरा के समीप गांव खरौली में एक जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था। गनीमत रही कि परिवार के लोग अपने कामकाज के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गांव निवासी नन्दू राम पुत्र खंगार सिंह का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। शनिवार सुबह तेज बारिश के दौरान अचानक मकान की छत का लेंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मकान का अधिकांश हिस्सा मलबे में तब्दील हो चुका था।
ग्रामीण जगन्नाथ और रोहितास ने बताया कि मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। परिवार के लोग भी मकान की हालत को लेकर आशंकित रहते थे और अधिक समय तक उसमें रुकने से बचते थे। शुक्रवार शाम हुई बारिश के दौरान भी मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। इसके बावजूद शनिवार को हुई तेज बारिश में मकान का पूरा लेंटर गिर पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के अंदर होते तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। बारिश के कारण क्षेत्र में जर्जर मकानों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर भवनों का सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा एवं राहत की व्यवस्था कराने की मांग की है।
Leave a Reply