अकबरपुर कोट में हादसा: प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के तहत साढ़े पांच लाख रुपये में लगा था प्लांट; राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया नुकसान का आकलन
एटा। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और हवाओं के बीच अकबरपुर कोट गांव में बड़ा नुकसान हो गया। तेज हवाओं के कारण एक दीवार अचानक भरभराकर पास में लगे किसान समृद्धि सोलर प्लांट पर जा गिरी। दीवार की चपेट में आने से सोलर प्लांट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई।
गांव निवासी ओम शरण ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के तहत उनकी मां संगीता के नाम पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये की लागत से सोलर प्लांट लगाया गया था। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही थीं। इसी दौरान पास में बनी दीवार अचानक गिर गई और सीधे सोलर प्लांट पर जा गिरी।
दीवार के मलबे से प्लांट पूरी तरह क्षतिग्रस्त
ओम शरण के मुताबिक दीवार गिरने से सोलर प्लांट को काफी नुकसान हुआ है। प्लांट के सोलर पैनल और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त होने से वह पूरी तरह टूट गया है। उन्होंने बताया कि प्लांट की लागत करीब साढ़े पांच लाख रुपये थी। हादसे के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
पीड़ित परिवार ने मांगी सरकारी मदद
हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि सोलर प्लांट पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बारिश और तेज हवाओं के कारण हुए इस नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से मदद की उम्मीद है।
राजस्व टीम ने शुरू किया नुकसान का आकलन
अलीगंज एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम द्वारा मौके पर स्थिति का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply