
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के औचक निरीक्षण में सामने आई मनमानी, चालकों-परिचालकों को लगाई फटकार; विधायक बोले- उच्चाधिकारियों और शासन से करेंगे शिकायत
एटा। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के संचालन में मनमानी की शिकायतों को लेकर भाजपा विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर रविवार को अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। विधायक ने यहां अचानक निरीक्षण किया तो मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा की तीन बसें एक साथ बस स्टैंड पर खड़ी मिलीं। यह देखकर विधायक नाराज हो गए और उन्होंने बसों का निरीक्षण करते हुए चालकों और परिचालकों को जमकर फटकार लगाई।
विधायक ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत निर्धारित रूट और समय के अनुसार ही बसों का संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए शुरू की गई इस योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलना चाहिए, न कि बसों को मनमाने तरीके से अलीगंज से एटा के बीच चलाकर योजना के उद्देश्य को प्रभावित किया जाए।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें
बताया गया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों की ओर से विधायक को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। राजा का रामपुर, अमरोली रतनपुर और विल्सर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा की बसों के निर्धारित समय पर नहीं चलने और रूट में मनमानी किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं।
शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि ग्रामीण क्षेत्रों से बसों के निर्धारित चक्कर लगाने के बजाय बसों को अलीगंज में खड़ा कर अलीगंज से एटा के बीच संचालित किया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों की जमीनी हकीकत देखने के लिए विधायक अचानक अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे।
एक साथ तीन बसें खड़ी देख बढ़ा विधायक का गुस्सा
निरीक्षण के दौरान जब विधायक ने एक ही स्थान पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा की तीन बसें खड़ी देखीं तो उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक ने पहले दूरभाष के माध्यम से एआरएम एटा नरेश गुप्ता से मामले की शिकायत की। विधायक के अनुसार, शिकायत को गंभीरता से नहीं लिए जाने पर उन्होंने मौके पर मौजूद चालक और परिचालकों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि बसों का संचालन किसी भी स्थिति में निर्धारित ग्रामीण रूट से हटकर मनमाने ढंग से नहीं होना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों से बसों के निर्धारित चक्कर लगाए जाएं, ताकि योजना का लाभ सीधे ग्रामीण यात्रियों को मिल सके।
एआरएम पर मिलीभगत का लगाया आरोप
भाजपा विधायक ने एआरएम एटा नरेश गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बस सेवा के संचालन में यदि अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों की अनदेखी की जा रही है तो इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की है, लेकिन मनमाने संचालन के कारण योजना प्रभावित हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ ही शासन स्तर पर करने की बात कही।
विधायक बोले- सरकार की मंशा के विपरीत नहीं होने देंगे काम
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा इसलिए शुरू की गई है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। अमरोली और राजा का रामपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से निर्धारित समय पर बसों के चक्कर लगने चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि बसें ग्रामीण क्षेत्र से एटा और एटा से ग्रामीण क्षेत्र के निर्धारित रूट पर चलने के बजाय अलीगंज में खड़ी होकर अलीगंज से एटा संचालित की जा रही हैं तो यह नियमों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
विधायक ने कहा कि राजा का रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष, विल्सर और अमरोली रतनपुर गांव के प्रधानों सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में शिकायत की थी। शिकायतों के आधार पर ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर बस संचालन की स्थिति देखी है। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्रामीण बस सेवा में मनमानी जारी रही तो वह मामले को उच्च स्तर तक ले जाएंगे।

Leave a Reply